सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार के रामपुरा मोहल्ले में अवैध पीजी होस्टलों, असामाजिक गतिविधियों, अवैध पार्किंग और आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर मोहल्लेवासियों ने नगर निगम से हस्तक्षेप की मांग की है। रामपुरा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान आशीष कुक्की के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम कमिश्नर नीरज जी (आईएएस) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मोहल्ले में बिना सरकारी अनुमति और एनओसी के कई इमारतों को पीजी में तब्दील कर दिया गया है, जहां बाहरी लोग रह रहे हैं। इन पीजी में क्षमता से अधिक लोगों के ठहरने से सीवरेज जाम, पानी की अधिक खपत, बिजली ओवरलोड और गंदगी की समस्या उत्पन्न हो रही है।
निवासियों का आरोप है कि कई पीजी में रहने वाले लोग नशा, शराबखोरी और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने जैसी गतिविधियों में लिप्त हैं, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। इसके अलावा, पीजी में रहने वाले लोग सड़कों पर अवैध रूप से वाहन पार्क करते हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही है।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी बताया कि पीजी संचालक कोई व्यवसायिक कर नहीं दे रहे, जिससे सरकार को राजस्व की हानि हो रही है। साथ ही, आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से भी लोग परेशान हैं, कई बार ये कुत्ते हमला कर चुके हैं और रातभर भौंकने से नींद भी प्रभावित हो रही है।
नगर निगम कमिश्नर नीरज जी ने आश्वासन दिया कि अवैध पीजी पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी और पीए को सभी पीजी संचालकों को नोटिस भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मोहल्लावासियों से अवैध पीजी की सूची नाम, पते और फोटो सहित तैयार करने की अपील की, ताकि नगर निगम द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा सके।
प्रधान आशीष कुक्की ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।








































