सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के बरवाला में होली की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शिव शंकर ब्रिक्स कंपनी के भट्ठे पर काम करने वाले दंपती के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें पत्नी ने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना का विवरण
मृतक की पहचान सीताराम के रूप में हुई, जो अपनी पत्नी सावित्री के साथ ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। होली की रात शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान सावित्री ने ईंट से सीताराम के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी सबसे पहले मृतक की बेटी कल्पना ने पड़ोसी मजदूर सरन को दी। जब सरन मौके पर पहुंचा तो सीताराम बेहोश पड़ा था और उसके सिर से खून बह रहा था। आरोपी सावित्री भी नशे में थी और उसके माथे से भी खून निकल रहा था।
भट्ठे के मुंशी संदीप ने मामले की सूचना पुलिस को दी और एंबुलेंस बुलाई गई। सीताराम को सरकारी अस्पताल बरवाला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिहार निवासी मृतक के परिजन अभी तक नहीं पहुंचे हैं।
पुलिस ने सरन के बयान के आधार पर आरोपी सावित्री के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले की जांच जारी है।







































