सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हिसार जिले में दो जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। इस बार हांसी के लिए अलग से जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हिसार से पूर्व जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ को फिर से जिलाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि हांसी से मौजूदा जिलाध्यक्ष अशोक सैनी को दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुराने नेताओं को फिर मिला मौका
आशा खेदड़ और अशोक सैनी लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं। आशा खेदड़, फतेहाबाद की चुनाव अधिकारी भी हैं और पूर्व में हिसार की जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं। वहीं, अशोक सैनी को हांसी में फिर से जिलाध्यक्ष बनाया गया है, जिससे ओबीसी वोट बैंक को साधने की रणनीति मानी जा रही है।
जातीय समीकरण और भाजपा की रणनीति
- आशा खेदड़ को महिला और एससी समुदाय से होने का लाभ मिला।
- अशोक सैनी को ओबीसी समुदाय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला, जिससे हांसी और हिसार में मजबूत पकड़ बनाई जा सके।
- हिसार में ओबीसी आबादी 20.09% है, जबकि सैनी समुदाय के 58,000 वोटर हैं, जो चुनाव में अहम भूमिका निभाते हैं।
- हिसार में विधायक सावित्री जिंदल वैश्य समाज से हैं और मेयर प्रवीण पोपली पंजाबी समाज से आते हैं, ऐसे में ओबीसी और एससी वर्ग से जिलाध्यक्ष बनाए जाने से संतुलन साधने की कोशिश की गई है।
अन्य दावेदारों में कई नाम शामिल
इस पद के लिए सरोज सिहाग, संजीव रेवाड़ी, रामचंद्र गुप्ता, रतन सैनी, मनीष अहलावादी, राजकुमार इंदौरा, रामफल नैन, रणधीर धीरू, नेहा धवन, जयवीर माजरा, धर्मवीर रतेरिया समेत कई नेताओं ने आवेदन किया था।







































