सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार नगर निगम चुनाव 2025 की मतगणना कल सुबह शुरू होगी। काउंटिंग केंद्र में बुधवार सुबह 6 बजे से एंट्री शुरू हो जाएगी, जहां रिटर्निंग ऑफिसर, इलेक्शन ड्यूटी कर्मचारी, उम्मीदवार और उनके बूथ एजेंट मौजूद रहेंगे। करीब डेढ़ घंटे तक एंट्री की प्रक्रिया चलेगी, इसके बाद सुबह 8 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी।
मतगणना केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल फोन और पेन-कागज ले जाने पर रोक लगाई गई है। पार्षद पदों की मतगणना वार्ड नंबर 1 से शुरू होगी और निर्वाचन आयोग की ओर से सभी मतों की गणना एक साथ करवाई जाएगी।
काउंटिंग को लेकर भाजपा-कांग्रेस की रणनीति तैयार
मतगणना को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपनी रणनीति तय कर ली है। भाजपा ने मंगलवार को संगठन की अहम बैठक बुलाई, जिसमें सभी प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा प्रवक्ता ने निगम चुनाव में 70,000 वोटों से जीत का दावा किया है। पार्टी ने बूथ वाइज एजेंटों की ड्यूटी तय कर दी है।
वहीं, कांग्रेस ने भी बूथ वाइस एजेंट तैनात कर दिए हैं। हर बूथ पर दो-दो एजेंट रहेंगे ताकि काउंटिंग प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके।
भाजपा को ट्रिपल गठजोड़ का फायदा?
इस बार भाजपा हिसार नगर निगम चुनाव में ट्रिपल गठजोड़ के साथ मैदान में उतरी थी। जिंदल परिवार और रामनिवास राड़ा ने भाजपा के मेयर प्रत्याशी का समर्थन किया, जबकि विधानसभा चुनाव में दोनों भाजपा के खिलाफ लड़े थे। ऐसे में भाजपा को इस गठबंधन का लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी कृष्ण सिंगला को भाजपा की आंतरिक गुटबाजी और एंटी-इनकंबेंसी का फायदा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, नगर निगम क्षेत्र के आउटर इलाकों और ग्रामीण मतदाताओं पर कांग्रेस की निगाहें टिकी हुई हैं।
कुल मिलाकर, हिसार नगर निगम चुनाव की काउंटिंग दिलचस्प रहने वाली है और दोनों प्रमुख दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि मतगणना के नतीजे किस पार्टी के पक्ष में जाते हैं।
https://www.facebook.com/CityBigNews/videos/1194700308896670




































