सिटी बिग न्यूज | हिसार-भिवानी
हरियाणा में फर्जी सरकारी विभाग चलाकर 50 युवाओं से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। यह फर्जीवाड़ा भिवानी में हेडक्वार्टर बनाकर किया गया, जबकि हिसार में परीक्षा और चंडीगढ़ में इंटरव्यू व ट्रेनिंग कराई गई। आरोपियों ने युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूली।
कैसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा?
पूरा मामला तब सामने आया जब एक फर्जी भर्ती वाला कर्मचारी असली सरकारी कर्मचारी से टकरा गया। शक होने पर जब जांच हुई, तो ठगी का बड़ा खेल सामने आ गया। पुलिस ने मामले में 3 डायरेक्टर समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
फर्जी भर्ती और ठगी का पूरा खेल
- फर्जी भर्ती के नाम पर 960 आवेदन लिए गए।
- हिसार में 500 उम्मीदवारों से एग्जाम लिया गया।
- 50 युवाओं से 2-4 लाख तक की वसूली कर उन्हें पास किया गया।
- चंडीगढ़ में इंटरव्यू और ट्रेनिंग के बाद फर्जी जॉइनिंग लेटर दिए गए।
- फर्जी कर्मचारी सरकारी योजनाओं के नाम पर वसूली करने लगे।
- युवाओं को 10-15 हजार रुपये सैलरी और फर्जी पे-स्लिप भी दी गई।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
पुलिस ने भिवानी के बलजीत, चंडीगढ़ के गुलशन, हिसार के संजय, जींद के बलकार और भिवानी की रितु को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1.57 लाख कैश, 1.21 लाख बैंक अकाउंट में फ्रीज, 13 मोबाइल, 43 रजिस्टर और 8 पेमेंट स्लिप बरामद हुई हैं।







































