सिटी बिग न्यूज | हांसी
हिसार, हांसी – हरियाणा के हिसार जिले में हांसी पुलिस और एसटीएफ की टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कैसे हुआ एनकाउंटर?
बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि गांव ढाणी पुरिया और गांव शेखपुरा में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित अपराधी एक स्कूल के पास खंडहर में छिपे हैं। पुलिस ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिससे एक बदमाश घायल हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान रवि (निवासी कृष्णा कॉलोनी) और इंद्र सैनी के रूप में हुई है।
-
रवि पर दर्ज मामले:
- आर्म्स एक्ट (2 केस)
- चोरी
- हत्या के प्रयास
- परिवार अधिनियम का उल्लंघन
-
इंद्र सैनी पर दर्ज मामले:
- आबकारी अधिनियम (1 केस)
- आर्म्स एक्ट (2 केस)
पुलिस को मिली ये हथियार
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बदमाशों के पास से 2 अवैध पिस्तौल, 1 देसी कट्टा, 32 बोर के 4 कारतूस और 315 बोर का 1 कारतूस बरामद किया।
पिछली वारदात में भी थे शामिल
हांसी एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि दोनों आरोपी एक सप्ताह पहले गांव शेखपुरा में सरपंच एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप लादी के घर के बाहर फायरिंग की वारदात में शामिल थे। पुलिस को मौके से कारतूस भी मिला था, जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
नागरिक अस्पताल में भर्ती, केस दर्ज
मुठभेड़ में घायल बदमाश को पुलिस ने हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के खिलाफ थाना बास में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।







































