सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार – शहर के पटेल नगर में एक दुकानदार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब उसकी पत्नी ने उसे फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियों को घर भेजने पर देखा गया कि वह पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पत्नी मायके गई थी, बेटी स्कूल में थी
मृतक की पहचान राजकुमार ग्रोवर उर्फ राजू (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पटेल नगर में कॉस्मेटिक की दुकान चलाता था। उसकी पत्नी वीणा भिवानी की रहने वाली है और बेटी एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। गुरुवार सुबह वीणा मायके गई थी और बेटी भी स्कूल में थी। दोपहर में जब पत्नी ने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने पड़ोसियों से जाकर देखने को कहा।
दरवाजा अंदर से था बंद, बाहर पड़ी थी चाबी
पड़ोस की एक महिला जब घर पहुंची, तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। तभी उसकी नजर बाहर पड़ी चाबी पर गई। चाबी से दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर देखा कि राजकुमार पंखे से लटका हुआ था। यह देखकर महिला घबरा गई और शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
सुसाइड नोट में बीमारी को बताया कारण
पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा था –
“मैं अपनी बीमारी के चलते काफी परेशान हूं। इसलिए मैं आत्महत्या कर रहा हूं। मैं आसपास के दुकानदारों से प्रार्थना करता हूं कि मेरी दुकान का सामान बिकवा दें।”
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पीएलए चौकी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पंखे से नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच चुके थे, लेकिन पत्नी अभी नहीं आई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







































