सिटी बिग न्यूज | सिरसा
हरियाणा के सिरसा जिले में फर्जी थाना प्रभारी (SHO) बनकर ठगी करने का मामला सामने आया है। ठग ने सदर थाना प्रभारी के नाम से गाड़ी बुक करवाई और फिर ड्राइवर को झांसा देकर चार हजार रुपये हड़प लिए। इस मामले में ट्रैवल एजेंसी के संचालक की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
सदर थाना सिरसा से दिल्ली जाने के लिए एक गाड़ी की बुकिंग छह हजार रुपये में कराई गई थी। ट्रैवल एजेंसी संचालक यश ने अपनी गाड़ी भेज दी और ड्राइवर गुरजंट सिंह को निर्देश दिए कि वह थाने जाकर सवारी ले ले।
जब ड्राइवर थाने पहुंचा, तो उसने उस नंबर पर कॉल की, जिससे बुकिंग आई थी। कॉल उठाने वाले ने खुद को थाना प्रभारी बताया और कहा कि “साहब आ रहे हैं, तब तक गाड़ी अच्छे से साफ कर लो।”
इसके बाद ठग ने ड्राइवर को एक फर्जी ट्रांजेक्शन मैसेज भेजा, जिसमें 16 हजार रुपये भेजे जाने की बात लिखी थी। कॉलर ने कहा कि गलती से ज्यादा पैसे भेज दिए गए हैं, इसलिए 10 हजार रुपये वापस भेज दो। ड्राइवर ने दो बार में 2-2 हजार रुपये यानी कुल 4 हजार रुपये वापस भेज दिए।
फोन काटकर हुआ फरार
जब ड्राइवर ने कहा कि बाकी पैसे वह ट्रैवल एजेंसी के ऑफिस से दे देगा, तो ठग ने फोन काट दिया। इसके बाद ड्राइवर ने कई बार कॉल करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। ठगी का एहसास होने पर ट्रैवल एजेंसी संचालक को सूचना दी गई और फिर पुलिस को शिकायत दी गई।
पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है और ठग के नंबर को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।







































