सिटी बिग न्यूज | हिसार
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) में दो दिवसीय राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी, प्रोजेक्ट डेमोंस्ट्रेशन और पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूल व कॉलेजों से लगभग 145 विद्यार्थीयों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में ओ डी एम महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्राओं वांशिक, नमृता व अंशु ने वर्किंग मॉडल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर कॉलेज प्रशासन और शिक्षकों ने गर्व व्यक्त किया।
छात्राओं ने अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से फायर एक्सटिंग्विशर पर अपनी गहरी समझ और नवाचार को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ बी आर कम्बोज व डीन बेसिक साइंस डॉ. राजेश गेरा ने विजेता छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि आज के युग में विज्ञान और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों से छात्रों में अनुसंधान और नवीन सोच को बढ़ावा मिलता है।
वहीं महाविद्यालय की प्रचार्या डॉ. प्रतिमा कुमार ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है। छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से यह सम्मान प्राप्त किया है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को विज्ञान और अनुसंधान क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।







































