सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले में बुधवार को किसानों ने संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के नेतृत्व में एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया।
यह प्रदर्शन किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के समर्थन में हुआ, जो पिछले 100 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। किसानों ने MSP गारंटी कानून लागू करने की मांग को लेकर जिला सचिवालय और नारनौंद के उपमंडलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना दिया।
किसान आंदोलन की दूसरी लहर 13 फरवरी 2024 से खनौरी बॉर्डर पर जारी है। वहीं, डल्लेवाल 26 नवंबर 2023 से लगातार अनशन पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारी किसानों ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह डल्लेवाल की सेहत को लेकर चिंता जता रही है, लेकिन समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही।
किसान नेताओं का कहना है कि सरकार अपने लिखित वादों से पीछे हट रही है और संवाद के लिए सिर्फ लंबी तारीखें देकर आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि अगर वह वास्तव में डल्लेवाल की सेहत को लेकर चिंतित है, तो किसानों की मांगों को तुरंत पूरा करे।







































