सिटी बिग न्यूज | हिसार
नगर निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर हिसार जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अनीश यादव ने लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक ली और मतगणना की रणनीति पर चर्चा की।
डीआईओ दीपक भारद्वाज ने जानकारी दी कि हिसार नगर निगम और नारनौंद नगर पालिका के लिए कुल 44 मतगणना पार्टियां बनाई गई हैं, जिनमें 159 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, 20% स्टाफ को रिजर्व में रखा गया है।
📌 कहां होगी मतगणना?
🔹 हिसार नगर निगम – 12 मार्च को महाबीर स्टेडियम
🔹 नारनौंद नगर पालिका – माजरा प्याऊ आईटीआई
हिसार नगर निगम में मेयर और पार्षद पदों की अलग-अलग मतगणना होगी, जबकि नारनौंद नगर पालिका में भी चेयरमैन और पार्षद पद के लिए गिनती अलग-अलग की जाएगी। प्रत्येक काउंटिंग टीम में एक सुपरवाइजर और एक असिस्टेंट मौजूद रहेगा।
मतगणना की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए हरियाणा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कर्मचारियों की ड्यूटी का रेंडमाइजेशन किया गया। इस मौके पर हिसार नगर निगम के रिटर्निंग अधिकारी हरबीर सिंह, नारनौंद के रिटर्निंग अधिकारी मोहित महराणा, नगराधीश हरिराम और जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी दीपक भारद्धाज मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी चुनाव आयोग की हिदायतों का पालन करें और मतगणना प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। अगली रेंडमाइजेशन प्रक्रिया में कर्मचारियों को टेबल अलॉट किए जाएंगे, जिससे मतगणना सुचारू रूप से हो सके।







































