सिटी बिग न्यूज | हिसार
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा शहर के पुराना गवर्नमैंट कॉलेज मैदान में आयोजित तीन दिवसीय ‘स्वर्णिम भारत अनुभूति मेला’ में दूसरे दिन काफी संख्या में लोग पहुंचे और आध्यात्म, ज्ञान व मनोरंजन के अनूठे संगम का लाभ उठाया।
दूसरे दिन नलवा के विधायक रणधीर पनिहार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए जिन्होंने ‘स्वर्णिम भारत अनुभूति महामेला’ के सभी स्टॉल्स का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी का स्वर्णिम भारत का सपना अवश्य साकार होगा।
ब्रह्माकुमारीज समाज से काम, क्रोध, घृणा, नशा आदि दुर्गणों को समाप्त करने का कार्य कर रहा है जो कि प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि हमें विपरीत परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है जिससे मस्तिष्क पर बहुत दबाव रहता है जिसमें आध्यात्मिकता हमें नई शक्ति प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि हमें शुद्ध अन्न ग्रहण करना चाहिए जिससे हृदय शुद्ध होगा। हम अच्छे बनेंगे तो समाज अच्छा बनेगा। उन्होंने कहा कि ‘जो भरा नहीं है भाव से बहती जिसमें रसधार नहीं, हृदय नहीं वह पत्थर है जिसमें समाज से प्यार नहीं।’
उन्होंने मेले के प्रबंधन की प्रशंसा की। जिंदल मॉडर्न स्कूल के बच्चों ने स्वागत नृत्य गीत गाकर रणधीर पनिहार का स्वागत किया।
हिसार केंद्र की संचालिका बहन बी.के. रमेश कुमारी ने बताया कि मेले के दूसरे दिन भी काफी संख्या में लोग पहुंचे जिन्होंने मेले में आकर इसका अवलोकन किया। माईंड स्पा के प्रति लोगों में काफी रुचि दिखाई दी और उस स्टॉल पर काफी भीड़ रही।
मेले में 12 ज्योतिर्लिंग की झांकी में लोगों ने 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। विभिन्न रोगों के उपचार के लिए होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर भी मेले में लगाया गया है जिसका लोग लाभ उठा रहे हैं। वहीं लोगों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास भी करवाया जा रहा है जिससे उन्हें तनावमुक्त रहने व आध्यात्म से जुडऩे माध्यम का मिल रहा है।
इस अवसर पर हिसार केंद्र की संचालिका बहन बी.के. रमेश कुमारी, बी.के. अनिता, बी.के. इंदिरा, बरवाला से बी.के. सुमित्रा, भिवानी से बी.के. वंदना बहन व बी.के. महेश मंच पर उपस्थित रहे।







































