सिटी बिग न्यूज | हिसार
बरवाला क्षेत्र में दो बदमाशों ने फर्जी RTO अधिकारी बनकर ट्रॉला चालक से 35 हजार रुपये लूट लिए। यह घटना सोमवार रात करीब 10:15 बजे सुलखनी गांव के पास हुई। बदमाश काले रंग की स्कॉर्पियो (HR 06 AQ 1272) में सवार होकर आए और चेकिंग के बहाने ट्रॉला रोक लिया।
SS कार्गो कंपनी में कार्यरत ट्रॉला चालक रामनिवास टोहाना से सुलखनी गांव जा रहे थे। तभी दो बदमाशों ने उन्हें रोककर खुद को RTO अधिकारी बताया और परमिट की जांच करने लगे।
इस दौरान, करीब 30 वर्षीय एक आरोपी जो नशे में था, उसने रामनिवास के साथ मारपीट की। जब पीड़ित पुलिस को फोन करने की कोशिश कर रहा था, तो बदमाशों ने उसकी जेब से 35 हजार रुपये निकाल लिए और स्कॉर्पियो में बैठे अपने साथी के साथ घिराय की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने मामला किया दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो का नंबर ट्रेस कर लिया गया है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।




































