सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार पुलिस ने बुलेट बाइक से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक बुलेट बाइक सवार पर 15,000 रुपये का चालान काटा गया, साथ ही बाइक का साइलेंसर भी जब्त कर लिया गया।
उप निरीक्षक युद्धवीर सिंह ने बताया कि रविवार (16 फरवरी) को तलाकी गेट पर एक बाइक चालक को पटाखे जैसी आवाज निकालते हुए पकड़ा गया। सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से लोगों को असुविधा और भय की स्थिति पैदा होती है, जिसे रोकने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है।
मिस्त्रियों पर भी होगी कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने साफ किया कि सिर्फ बाइक चालकों पर ही नहीं, बल्कि उन मिस्त्रियों पर भी कार्रवाई होगी, जो बाइक में अवैध मॉडिफिकेशन कर पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले उपकरण लगाते हैं। इससे सार्वजनिक शांति भंग होती है और सड़क सुरक्षा को खतरा होता है।
पुलिस का यह अभियान यातायात नियमों के उल्लंघन और खतरनाक ड्राइविंग पर रोक लगाने के लिए लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल न हों और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।







































