सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार पुलिस ने केंद्र सरकार की योजनाओं में फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मास्टरमाइंड नीरज को जालंधर से गिरफ्तार किया, जो प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सिलाई मशीन योजना और 50 हजार के फ्री लोन स्कीम के नाम पर ठगी कर रहा था। आरोपी ने हिसार जिले के कई गांवों में दो युवकों को एजेंट बनाकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
आर्थिक अपराध शाखा की इंस्पेक्टर निर्मला के अनुसार, अक्टूबर 2023 में आरोपी ने हिसार के दो युवकों को 25 हजार रुपये महीने की सैलरी पर रखा और ग्रामीण विकास मंत्रालय का फर्जी कर्मचारी बताकर गांवों में फर्जी फॉर्म भरवाए। सीसवाला, आर्य नगर, रावलवास कलां, आदमपुर और उकलाना खंड के गांवों में प्रति फॉर्म 70 रुपये वसूल किए गए।
शिकायतकर्ता रवि कुमार ने बताया कि इस घोटाले में बीडीओ कार्यालय के कर्मचारी भी शामिल थे। क्लर्क धर्मपाल समेत अन्य कर्मचारियों ने फर्जी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर गांवों में प्रचार करवाया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को जब्त कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।







































