सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार से कांग्रेस नेता रामनिवास राड़ा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) से मेयर का टिकट मांगा है। कांग्रेस में गुटबाजी से परेशान राड़ा अब भाजपा का रुख कर सकते हैं। उनकी नजदीकियां भाजपा के पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से बढ़ी हैं, जिससे इसे राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के संकेत माना जा रहा है।
विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं राड़ा
रामनिवास राड़ा दो बार कांग्रेस के टिकट पर हिसार से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। हाल ही में हुए चुनाव में उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार सावित्री जिंदल ने हरा दिया था। हालांकि, उन्होंने भाजपा उम्मीदवार डॉ. कमल गुप्ता से ज्यादा वोट हासिल किए थे। चुनाव हारने के बाद उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर भीतरघात का आरोप लगाया था।
हिसार में मजबूत पकड़
रामनिवास राड़ा का हिसार नगर निगम के कई इलाकों में खासा प्रभाव है। मिल गेट एरिया, छोटी सातरोड़ और नगर निगम क्षेत्र में उनकी पकड़ मानी जाती है। वह सैनी समुदाय से आते हैं, जिनकी हिसार में संख्या 25 हजार से अधिक है। नगर निगम क्षेत्र में यह संख्या और भी ज्यादा है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि सैनी समाज और अन्य वर्गों का समर्थन उन्हें मिलेगा।
कांग्रेस नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप
विधानसभा चुनाव में हार के बाद रामनिवास राड़ा ने कांग्रेस की फैक्ट एंड फाइंडिंग कमेटी के सामने पार्टी के नेताओं पर भीतरघात के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि हिसार के कुछ कांग्रेस नेताओं ने उनके खिलाफ साजिश रची और निर्दलीय उम्मीदवार सावित्री जिंदल का समर्थन किया। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अशोक गहलोत को स्टार प्रचारक के तौर पर बुलाने का अनुरोध किया था, लेकिन सीनियर नेताओं ने उनका दौरा नहीं होने दिया।
हिसार से सबसे ज्यादा 41 आवेदन
हिसार में भाजपा से मेयर पद के लिए सबसे ज्यादा 41 नेताओं ने टिकट के लिए आवेदन किया है। सभी उम्मीदवारों ने अपना बायोडाटा प्रदेश कार्यालय में जमा किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा किसे उम्मीदवार बनाती है और रामनिवास राड़ा को पार्टी में जगह मिलती है या नहीं।




































