सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार में नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बीच भाजपा ने जिंदल हाउस के करीबी दो प्रमुख नेताओं शकुंतला राजलीवाला और डीएन सैनी के सदस्यता फॉर्म रद्द कर दिए हैं।
इसके चलते ये दोनों नेता मेयर चुनाव में भाग नहीं ले सकेंगे। भाजपा ने मेयर और पार्षद पद के लिए बायोडाटा जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि कांग्रेस ने भी चुनावी रणनीति पर चर्चा शुरू कर दी है।
भाजपा ने मेयर पद के लिए 20 और पार्षद पद के लिए 60 बायोडाटा जमा किए हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि चुनाव पार्टी के प्रतीक चिन्ह पर लड़ा जाएगा।
वहीं, कांग्रेस ने भी अपने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की है। कांग्रेस के प्रभारी शीशपाल केहरवाला और सह प्रभारी धर्मवीर कौलेखां ने कहा कि टिकट न मिलने पर भी कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए।
जिंदल हाउस के करीबी नेताओं के फॉर्म रद्द होने से हिसार की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां इस चुनाव को अपनी ताकत दिखाने का मौका मान रही हैं।
विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस इस चुनाव को अपनी वापसी का जरिया बनाना चाहती है, जबकि भाजपा अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटी है।




































