सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला के खरक पूनिया गांव में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई। बुधवार को दुकानदार रघुबीर सिंह के बंद मकान में चोर ताला तोड़कर घुसे और लाखों के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए।
रघुबीर सिंह ने बताया कि वह सुबह 10 बजे दुकान का सामान खरीदने बरवाला गए थे। दोपहर 1:30 बजे लौटे तो दरवाजा टूटा मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारी से करीब 4 तोले सोने के गहने, जिनमें हार सेट, मंगलसूत्र, अंगूठियां, कान के टॉप्स और नाथ टीका शामिल हैं, चोरी हो गए। इसके अलावा, चोर चांदी की पायल, बाजूबंद, कंडूली, बर्तन, एक चांदी का नारियल और 50 हजार रुपये नकद भी ले गए।
बरवाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना से गांव में दहशत है, और ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।







































