सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के दौलतपुर गांव में कुछ शराबी युवकों द्वारा महिलाओं से बदसलूकी और विरोध करने पर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। यह घटना 2 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाली देने से मना करने पर भड़के युवक
जानकारी के अनुसार, गांव दौलतपुर में रवि शर्मा के घर के सामने एक कार में बैठे 5 युवक शराब पीकर तेज आवाज में गालियां दे रहे थे। रवि की दादी मूर्ति देवी और ताई संतरो देवी ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो युवकों ने उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। महिलाओं की आवाज सुनकर जब रवि बाहर आया, तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
आरोपी प्रतीक ने कार से डंडा निकालकर रवि की पीठ पर वार किया, जबकि एक अन्य युवक ने गंडासी से हमला करने की कोशिश की। रवि के शोर मचाने पर संदीप, सुभाष, सूरजभान और पिंकी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान आरोपियों ने रवि और सूरजभान को कार से कुचलने की कोशिश की, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने पकड़ा एक आरोपी, चार फरार
ग्रामीणों ने एक आरोपी प्रतीक को पकड़ लिया, जबकि अन्य चार आरोपी कार लेकर फरार हो गए। घायलों को पहले बरवाला के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हिसार के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने रवि शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







































