सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार से अग्रोहा होते हुए सिरसा तक 93 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के निर्माण को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की कुल लागत 410 करोड़ रुपये होगी। इसकी जानकारी हरियाणा कानफेड के पूर्व चेयरमैन और वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने अग्रोहा धाम में आयोजित बैठक में दी।
लंबे समय से थी मांग
यह रेल लाइन क्षेत्र के लोगों की एक पुरानी मांग थी। इससे पहले तीन रेल मंत्री—लालू प्रसाद यादव, सुरेश प्रभु और पीयूष गोयल—अग्रोहा धाम के वार्षिक मेले में इस प्रोजेक्ट की घोषणा कर चुके थे। हालांकि, अभी तक इसका कार्य शुरू नहीं हो पाया था।
तीन जिलों को मिलेगा लाभ
इस रेल लाइन से हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिलों के यात्रियों को राहत मिलेगी। रोजाना करीब 3,000 मरीज अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंचते हैं, वहीं देशभर से हजारों श्रद्धालु अग्रोहा धाम दर्शन के लिए आते हैं। फिलहाल श्रद्धालुओं को हिसार तक ट्रेन से आकर वहां से अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है।
बजरंग गर्ग ने केंद्र सरकार से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की अपील की है, ताकि इस क्षेत्र के लोगों को सुविधाएं मिल सकें।




































