सिटी बिग न्यूज | सिरसा
सिरसा में धान खरीद के दौरान कमीशनखोरी के आरोपों को लेकर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज की नाराजगी के बाद अब जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने हैफेड के मैनेजर मुकेश कुमार को चार्जशीट और निलंबित करने के साथ-साथ उन्हें तुरंत सिरसा से स्थानांतरित करने के आदेश दिए हैं।
मामला दो महीने पुराना है, जब हरियाणा बीज विकास निगम (HSDC) के चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने मंत्री विज को शिकायत की थी कि डबवाली में धान खरीद के दौरान हैफेड मैनेजर मुकेश कुमार आढ़तियों से 130 रुपए प्रति क्विंटल की अवैध वसूली कर रहा है।
हालांकि, आढ़तियों ने बताया कि उन्हें प्रति क्विंटल केवल 48 रुपए कमीशन मिलता है। इस शिकायत के बाद मंत्री विज ने प्रबंध निदेशक को कार्रवाई के आदेश दिए, लेकिन दो महीने तक मामला ठंडे बस्ते में पड़ा रहा।
जब मंत्री विज ने सरकार के प्रति अपना रुख कड़ा किया, तो उपायुक्त शांतनु शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए 29 जनवरी 2025 को हैफेड प्रबंधक निदेशक को पत्र जारी कर मैनेजर मुकेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्हें सिरसा से स्थानांतरित करने को कहा गया।
दिलचस्प बात यह है कि जांच शुरू होने के बाद मैनेजर मुकेश कुमार चेयरमैन देव कुमार शर्मा के पास माफी मांगने पहुंचा। इस पर चेयरमैन ने कहा, “अब जांच होगी। आपको समझाया था, लेकिन आप नहीं माने। भाजपा की सरकार ईमानदार सरकार है और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
डीसी द्वारा प्रबंधक निदेशक को जारी किया गया पत्र…
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने हैफेड के प्रबंधक निदेशक को एक पत्र लिखकर मैनेजर मुकेश कुमार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया है। पत्र में मैनेजर को चार्जशीट करने, निलंबित करने और सिरसा से तुरंत स्थानांतरित करने के आदेश शामिल हैं। यह पत्र 29 जनवरी 2025 को जारी किया गया था, जिसमें डीसी ने चेयरमैन देव कुमार शर्मा की शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर कड़े कदम उठाने की बात कही है।

अब सभी की नजरें हैफेड प्रबंधक निदेशक पर टिकी हैं कि वे इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं।







































