सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में शुक्रवार देर रात घने कोहरे के कारण एक क्रूजर गाड़ी भाखड़ा नहर में गिर गई। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोगों को बचा लिया गया। गाड़ी में सवार 14 लोग पंजाब में एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
शनिवार को 7 शव सिरसा जिले में मिले, जिनमें 4 महिलाएं, एक पुरुष, एक 12 वर्षीय लड़की और डेढ़-दो साल के बच्चे की डेडबॉडी शामिल है। वहीं, 4 शव पंजाब के फरीद के हेड में बरामद हुए। गाड़ी में सवार 14 लोगों में से केवल ड्राइवर जरनैल सिंह और 10 वर्षीय बच्चा अरमान ही जिंदा बच पाए।
हादसे के बाद पुलिस और NDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात में धुंध और ठंड के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा, लेकिन सुबह फिर से शुरू होने पर 11 शव बरामद किए गए।
इस दौरान हरियाणा के 9 जिलों में बारिश और ओलों की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 5 फरवरी तक अलर्ट जारी किया है।







































