सिटी बिग न्यूज | सिरसा
सिरसा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में, सीआईए डबवाली पुलिस ने सोमवार रात गांव कमाल के पास गश्त के दौरान 27.81 ग्राम अफीम के साथ जगतार सिंह को पकड़ा।
दूसरे मामले में, सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने मंगलवार को बेगू रोड स्थित प्रीत नगर के पास से नरेंद्र सिंह उर्फ बंटी को 15 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान नरेंद्र ने खुलासा किया कि उसने यह हेरोइन रहमत कॉलोनी निवासी गगनदीप उर्फ गगन नागपाल से खरीदी थी।
पुलिस ने दोनों मामलों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि नशे की सप्लाई चेन का खुलासा किया जा सके।




































