सिटी बिग न्यूज | हिसार
इनेलो हिसार के आईएसओ के जिला अध्यक्ष साहिलदीप कस्वा ने पार्टी कार्यालय देवीलाल सदन में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद जयप्रकाश द्वारा अभय सिंह चौटाला पर लगाए आरोपों को बेबुनियाद, मनगढ़ंत एवं झूठा बताया।
साहिलदीप ने कहा कि जयप्रकाश कहते हैं की अभय चौटाला भाजपा की बी टीम है, जबकि पूरा हरियाणा असलियत जान गया है कि असल मायले में भूपेन्द्र हुड्डा और जयप्रकाश भाजपा की बी टीम है, जिसने विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की मदद की। उन्होंने कहा कि सांसद जेपी ने भाजपा की टीम की मदद करते हुए किसानों और प्रदेश की जनता की पगड़ी को भाजपा के कदमों तले रौंदने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि जहां 10 सालों तक लगातार अभय चौटाला ने विपक्ष का विधायक होते हुए विपक्ष की भूमिका निभाकर भाजपा के घोटालों का पर्दाफाश करने का काम किया, वहीं भूपेन्द्र हुड्डा ने सदन में केवल शेरों शायरी और चुटकुने सुनाने काम किया। उन्होंने कहा कि हुड्डा ने अबकी बार कांग्रेस की 72 सीटें बांटी और कांग्रेस के 25 विद्रोही उम्मीदवार निर्दलीय खड़े करवाए, ताकि भाजपा प्रत्याशियों को फायदा हो सके।
उन्होंने कहा कि हुड्डा और जेपी भाजपा के स्लीपर सेल हैं। आज अगर हरियणा में कोई विकल्प है तो केवल इंडियन नेशनल लोकदल है जो किसान, कमेरे, व्यापारी और मजदूरों की पार्टी है। साहिलदीप कस्वा ने भूपेन्द्र हुड्डा, जयप्रकाश, जयप्रकाश के बेटे को टीवी डिबेट का खुला चैलेंज किया और साथ कहा कि हुड्डा या जेपी का चिंटू कैंडी उनसे बहस करने न आए।
अगर आए तो कांग्रेस के सीनियर लीडर आएं। अगर वे गलत साबित होते हैं तो राजनीति छोड़ देंगे अन्यथा भूपेन्द्र हुड्डा व जयप्रकाश हरियाणा की जनता से माफी मांगे जो भाजपा को सत्ता में लेकर आए हैं।







































