हिसार जिले के उगालन गांव के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में गांव के ही दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा दोस्त गंभीर रूप से जख्मी है। तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर जींद में काम की तलाश के बाद घर लौट रहे थे। उगालन पहुंचने से थोड़ी दूरी पहले अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि अंकुश (22) और मनमोहन (22) को बचाया नहीं जा सका। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीसरा युवक संजीव (27) गंभीर हाल में है और उसे रेफर किया गया है।
एक की नई शादी, दूसरा इकलौता बेटा
गांव में हादसे की खबर से शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार मनमोहन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वहीं अंकुश की शादी मात्र एक महीने पहले ही हुई थी। दोनों की अचानक मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
काम की तलाश से लौटते समय हुआ हादसा
ग्रामीणों ने बताया कि तीनों दोस्त अक्सर रोजगार की तलाश में साथ जाते थे। घटना वाली रात भी ये तीनों जींद से लौट रहे थे। करीब साढ़े 8 बजे गांव के बाहरी क्षेत्र में बाइक फिसली और सभी सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दो की जान नहीं बचाई जा सकी।
परिजनों की शिकायत पर बास थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बाइक के बेकाबू होने की वजह क्या थी।







































