हिसार में सोमवार सुबह नगर निगम की सफाई व्यवस्था उस समय बिगड़ गई जब वार्ड 1 से 10 तक कचरा उठाने का काम पूरी तरह रुक गया। कचरा गाड़ियां चलाने वाले ड्राइवर और हेल्पर वेतन संबंधी मुद्दों को लेकर हड़ताल पर बैठ गए। बरवाला चुंगी के पास करीब दो सौ से ज्यादा कर्मचारियों ने धरना देकर ठेकेदार प्रणाली और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि वे ठेकेदार के अधीन काम करते हैं, लेकिन न तो समय पर वेतन मिलता है और न ही मेहनत के मुताबिक भुगतान। कर्मचारी शुभम ने बताया कि कई बार मांग रखने के बावजूद न निगम और न ही ठेकेदार ने उनकी वेतन बढ़ोतरी की गुहार पर कोई कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि रविवार सहित पूरे सप्ताह काम लेना तो तय है, लेकिन अतिरिक्त मेहनत का कोई भुगतान नहीं मिलता।

हड़ताल के चलते कचरा गाड़ी खड़ी है।
कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक समय पर वेतन, बढ़ी हुई मजदूरी और ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक कोई भी कचरा गाड़ी सड़क पर नहीं उतरेगी और घरों से कचरा उठाने का काम बंद रहेगा।

हड़ताल का सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ा है। वार्ड 1 से 10 तक कचरा संग्रहण पूरी तरह रुका रहा, जिससे लोगों को अपने घरों में ही कचरा जमा रखना पड़ा। दूसरी ओर, नगर निगम के सामने अब स्थिति को सामान्य करने और कर्मचारियों के साथ बातचीत करके समाधान निकालने की चुनौती खड़ी हो गई है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन और काम की शर्तों में सुधार होने तक आंदोलन जारी रहेगा।







































