हिसार में ‘वोट चोरी’ के विरोध को लेकर आज कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी, लेकिन प्रदर्शन से पहले ही पार्टी अंदरूनी खींचतान की वजह से सुर्खियों में है। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सांसद दीपेंद्र हुड्डा इस विरोध का नेतृत्व करेंगे। कार्यक्रम में हिसार से सांसद जयप्रकाश, तीनों विधायक, दोनों जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पोस्टर विवाद ने बढ़ाई सरगर्मी
प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही नेताओं के सोशल मीडिया पोस्टरों ने गुटबाजी को फिर हवा दे दी है। तीनों विधायकों द्वारा जारी किए गए पोस्टरों से सांसद कुमारी सैलजा का फोटो गायब है। इस पर सैलजा समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई है और संकेत मिल रहे हैं कि वे इस प्रदर्शन से दूरी बना सकते हैं।


पूरे हरियाणा में कांग्रेस ‘वोट चोरी’ को लेकर विरोध जता रही है। राहुल गांधी पहले ही कई राज्यों में मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप उठा चुके हैं। इसी क्रम में आज हिसार में यह बड़ा प्रदर्शन आयोजित है। माना जा रहा था कि नए प्रदेशाध्यक्ष और अनुशासन समिति बनने के बाद गुटबाजी पर रोक लगेगी, लेकिन प्रदर्शन से पहले ही कांग्रेस की अंदरूनी तकरार फिर सामने आ गई है।

हाईकमान से शिकायत की तैयारी
सैलजा समर्थक इस मुद्दे को लेकर पार्टी हाईकमान तक जाने की तैयारी में हैं। उनका आरोप है कि वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले भी हिसार कांग्रेस कार्यालय से उनका फोटो हटाने पर विवाद हो चुका है।
गाइडलाइन के बावजूद पोस्टर पॉलिटिक्स

गुटबाजी रोकने के लिए प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कुछ समय पहले सभी नेताओं को लिखित निर्देश जारी किए थे। एडवाइजरी में कहा गया था कि किसी भी पोस्टर, बैनर या बैकड्रॉप पर पार्टी के शीर्ष नेताओं—सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, बीके हरिप्रसाद, राव नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा और दीपेंद्र हुड्डा—की तस्वीरें प्रोटोकॉल के अनुसार लगाई जाएं।
इसके बावजूद विधायकों के पोस्टरों में सैलजा का फोटो न होना कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान को एक बार फिर उजागर कर गया है।




































