हिसार में जिंदल पुल के नीचे नशे का सौदा रोकने के लिए पुलिस की नशा निरोधक टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना पर पहुंची टीम ने मौके से एक युवक को पकड़ लिया और उसके पास से 9.65 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और एक स्कूटी बरामद की।
टीम प्रभारी उप निरीक्षक इंदर सिंह के अनुसार, पुलिस को जानकारी मिली थी कि दो युवक नशीला पदार्थ लेकर किसी के आने का इंतज़ार कर रहे हैं। सूचना विश्वसनीय लगने पर पुलिस तुरंत वहां पहुंची।
मौके पर पुलिस को एक स्कूटी के पास दो युवक खड़े दिखे। जैसे ही उन्होंने पुलिस को देखा, दोनों भागने लगे। पीछा करने पर एक युवक को स्कूटी सहित काबू कर लिया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम सुखजीत उर्फ बिट्टू (निवासी सैनियान मोहल्ला, हिसार) बताया। फरार युवक की पहचान मॉडल टाउन निवासी दीपक के रूप में हुई है।
नियमानुसार डीएसपी संजीव कुमार की मौजूदगी में तलाशी ली गई, जिसमें सुखजीत के पास से एक पॉलिथीन में 9.65 ग्राम हेरोइन/चिट्टा मिला। पुलिस ने स्कूटी और नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना अर्बन एस्टेट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पूछताछ में पता चला कि यह नशीला पदार्थ सैनियान मोहल्ले के ही एक अन्य व्यक्ति से लाया गया था। पूछताछ पूरी होने के बाद सुखजीत उर्फ बिट्टू को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, फरार आरोपी दीपक और सप्लायर की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।







































