हिसार | नारनौंद
हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र में साइबर ठगों ने गांव लोहारी राघो के एक छात्र को ऑनलाइन ट्रेडिंग के झांसे में फसाकर 2.59 लाख रुपये का फ्रॉड कर दिया। छात्र विशाल कुमार ने बताया कि अगस्त महीने में उसकी टेलीग्राम ऐप पर एक व्यक्ति से बातचीत शुरू हुई थी, जिसने खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट के रूप में जताय।
पहले जीता विश्वास , फिर किया 2.59 लाख का फ्रॉड
ठग ने शुरुआत में विशाल से थोड़े रूपए निवेश करवाए और उस पर अच्छा प्रॉफिट दिखाकर उसका भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने कहा कि अगर वह अधिक पैसे लगाएगा तो उसे और भी ज्यादा लाभ मिलेगा। ठग की बातों में आकर विशाल ने अपने पंजाब नेशनल बैंक खाते से 10, 11 और 12 अगस्त को तीन अलग-अलग लेनदेन में कुल 2.59 लाख रुपये उसके बताए UPI आईडी पर ट्रांसफर कर दिए।
रूपए भेजने के तुरंत बाद विशाल का ट्रेडिंग अकाउंट बंद कर दिया गया और ठग ने उससे सभी संपर्क सूत्र बंद कर लिए। बार-बार संदेश भेजने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, तब जाकर छात्र को एहसास हुआ कि उसके साथ ऑनलाइन ठगी हो गई है।
साइबर थाना में मामला दर्ज, जांच शुरू
पीड़ित ने 13 अगस्त को ऑनलाइन शिकायत दर्ज की थी और अब साइबर थाना हांसी में लिखित शिकायत देकर पैसे वापस दिलाने और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
साइबर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई सुरेंद्र को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान के लिए डिजिटल ट्रांजेक्शन और UPI आईडी की तकनीकी जांच जारी है।







































