हरियाणा के हिसार में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे है। अब एक और मामला सामने आया है, जहां राजली गांव के किसान अशोक कुमार (28) के बैंक खाते से 5 लाख 63 हजार रुपए गायब हो गए। किसान का कहना है कि उसने किसी को अपना ओटीपी शेयर नहीं किये , फिर भी उसके खाते से लगातार पांच ट्रांजैक्शन हो गए। अशोक कुमार ने बताया कि उसका एचडीएफसी बैंक में खाता है। 26 अक्टूबर की सुबह अचानक उसके फोन पर ओटीपी मैसेज आने लगे। कुछ ही मिनटों में बैंक से लगातार पांच बार पैसे ट्रांसफर के संदेश मिले। पहले 75,925 रुपए, फिर 1 लाख, उसके बाद 1,02,872 रुपए, फिर 1,15,000 और आखिर में 1,70,000 रुपए ट्रांसफर हो गए। किसान ने कहा — “मैंने किसी को ओटीपी नहीं बताया, फिर भी मेरे खाते से पैसे ट्रांसफर हो गए । समझ नहीं आ रहा कि यह कैसे हुआ।” अशोक ने बताया कि ये सभी पैसे आईसीआईसीआई बैंक के एक खाते में ट्रांसफर हुए हैं। ठगी का पता चलते ही उसने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले में धारा 318(4) और 61 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है। साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी कपिल सिहाग ने बताया कि ठग अब नए-नए तरीके अपना रहे हैं और लोगों को अपने जाल में फसा रहे हैं। उन्होंने कहा — “हम ट्रांजैक्शन की पूरी ट्रेल चेक कर रहे हैं, जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जायेगा ।”
गांव में इस घटना के बाद सभी लोग विचलित हैं। ग्रामीणों ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में कई लोगों के साथ ऐसे ही ऑनलाइन फ्रॉड हुए हैं। किसानों का कहना है कि अब वे भी डिजिटल ट्रांजैक्शन से डरने लगे हैं, क्योंकि ठग बिना जानकारी साझा किए भी खाते से पैसे निकालने का तरीका ढूंढ लेते हैं।







































