सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के साहू गांव में शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। पिस्टल की नोक पर बदमाशों ने दंपती से 15 हजार रुपए की नकदी और गाड़ी की चाबी लूट ली। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पीड़ित बिशम्बर कामरा, जो अपनी पत्नी के साथ गांव में अकेले रहते हैं, ने बताया कि बदमाश दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और उनकी कनपटी पर पिस्टल तानते हुए धमकी दी – “जो कुछ है, सौंप दो, वरना गोली मार देंगे।” डरे-सहमे दंपती ने घर में रखी रकम और गाड़ी की चाबी दे दी।
बदमाश फरार होते समय धमकी देकर गए कि यदि किसी को बताया तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। दंपती ने रातभर भय में समय बिताया और सुबह पड़ोसियों को सूचना दी। बाद में उकलाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।







































