सिटी बिग न्यूज | हिसार
बरवाला शहर की हीरा कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक पांच साल के मासूम बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। पीड़ित पिता विनोद ने इस घटना के पीछे अपनी पत्नी रेखा और उसकी सहेली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
विनोद ने बताया कि उसकी शादी 9 साल पहले उकलाना मंडी निवासी रेखा से हुई थी। उनके दो बेटे हैं—यश (7 वर्ष) और गगन (5 वर्ष)। पिछले चार वर्षों से रेखा अलग रह रही है और न ही अपने मायके में है और न ही ससुराल में।
विनोद के मुताबिक, 2 मई को दोपहर करीब 1 बजे दो महिलाएं, जिनके चेहरों पर कपड़े बंधे थे, बधावड़ लिंक रोड के पास एक गाड़ी में आईं और उसके छोटे बेटे गगन को जबरन उठा ले गईं। विनोद को शक है कि इस घटना के पीछे रेखा और उसकी सहेली का हाथ है।
बरवाला पुलिस ने विनोद की शिकायत के आधार पर धारा 140(3) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बच्चे की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।







































