सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले में ढंडूर पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट डिजायर ने पहले एक बाइक और फिर इनोवा गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी ने फुटपाथ से टकराकर तीन से चार बार पलटी खाई और सर्विस रोड पर जा गिरी। हादसे में स्विफ्ट डिजायर का चालक और एक बाइक सवार युवक घायल हो गए।
घायलों को तुरंत हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार युवक राजपाल, जो फतेहाबाद जिले के महमदपुर रोही गांव का निवासी है और हिसार में फिनाइल बेचने का काम करता है, ने बताया कि हादसा रॉन्ग साइड से आ रही कार की वजह से हुआ।
वहीं, स्विफ्ट डिजायर का चालक विकास, जो ढंडूर गांव का रहने वाला है, ने बताया कि सड़क पर अचानक एक कुत्ता आने से गाड़ी का बैलेंस बिगड़ गया और गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, गाड़ी तेज गति में थी और शायद चालक रॉन्ग साइड से आ रहा था। गाड़ी के एयर बैग खुलने की वजह से गंभीर चोटें नहीं आईं, लेकिन गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दे दी गई है और जांच जारी है।







































