सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिले के चिड़ोद गांव में पंचायत के अंबेडकर पार्क निर्माण को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। गांव की सरपंच बाला देवी के प्रतिनिधि और उनके पति मोहलू राम पर देर रात कुछ ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में तेजधार हथियार से उनकी हाथ की उंगली काट दी गई। उन्हें तत्काल हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब 10 टांकों से उनकी उंगली को जोड़ा।
पीड़ित मोहलू राम ने बताया कि हमलावर गांव के ही चार लोग हैं, जिन्होंने पहले भी कई बार उन्हें धमकाया है। उन्होंने कहा कि हमला उस वक्त हुआ जब वे अंबेडकर पार्क की सफाई करवा रहे थे।
हमलावरों का कहना था कि जहां पार्क बनाया जा रहा है, वह उनकी जमीन है और वे वहां अपने पशुओं का गोबर फेंकते हैं। जबकि मोहलू राम ने स्पष्ट किया कि वह जगह पंचायत की है और वहां पार्क बनाने का प्रस्ताव पहले ही पास हो चुका है।
सरपंच प्रतिनिधि ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि उन्हें अब भी जान का खतरा बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







































