सिटी बिग न्यूज | हिसार-हांसी
हिसार जिले के हांसी के नजदीकी गांव सैनीपुरा में नहर के पानी को लेकर बड़ा विवाद हो गया। गांव के पंचायती जोहड़ में पानी डाले जाने के दौरान एक 53 वर्षीय बुजुर्ग बहादर पर गांव के ही एक दंपती ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में बहादर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई है और एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के सरपंच रविंद्र ने नहर से जोहड़ में पानी भरवाने की व्यवस्था की थी और कुछ ग्रामीणों की ड्यूटी लगाई गई थी ताकि पानी की निगरानी की जा सके। रविवार को बहादर भी इस कार्य में जुटे थे। उसी दौरान उन्होंने देखा कि गांव का ही एक व्यक्ति पानी को जोहड़ की बजाय अपने खेतों की ओर मोड़ रहा है। बहादर ने नाका बंद कर दिया।
जब वह रजवाहे से लौट रहे थे, तभी गांव के पप्पू नामक व्यक्ति और उसकी पत्नी ने उन पर हमला कर दिया। बहादर का आरोप है कि उसे पानी में धक्का दे दिया गया और उसकी लाठी छीनकर उसी से सिर पर वार किया गया।
घटना के बाद बहादर को पहले एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और सोमवार को उसे हांसी के सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां उसकी एमएलआर (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) तैयार कर पुलिस को दी गई।
परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।







































