सिटी बिग न्यूज | हिसार
हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला कस्बे में एक मजदूर परिवार पर जानलेवा हमला हुआ। वार्ड नंबर 7 निवासी अशोक कुमार, उनके भतीजे विशाल और 12 वर्षीय पोते अरमान को गंभीर चोटें आई हैं। यह हमला 6 अप्रैल की रात करीब 9 बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शेखर, अमनी और दो अन्य युवक मोटरसाइकिल पर अशोक के घर के सामने आए और गाली-गलौज करने लगे। जब अशोक ने इसका विरोध किया तो शेखर वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद वह अपने पिता गुलाब उर्फ पोपला, दयानंद, सोनू, कालू और प्रदीप समेत 20 से अधिक लोगों के साथ लौटा। सभी हथियारों से लैस थे—गंडासी, छुरी, डंडे और चाकू लिए हुए।
हमलावरों ने अशोक के घर का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुसकर हमला कर दिया। गुलाब ने अरमान के सिर पर ईंट मारी, जबकि पोते को बचाने की कोशिश में अशोक के सिर पर गंडासी से वार किया गया। विशाल को लात-घूंसे और डंडों से पीटा गया और उसके सिर पर भी ईंट मारी गई। आरोपियों ने अशोक के भाई की बहू सोनिया के साथ छेड़छाड़ की और उसके कपड़े फाड़ दिए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बरवाला सीएचसी और फिर हिसार नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार अशोक को तीन, अरमान को दो और विशाल को एक गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने 25 नामजद और 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट, छेड़छाड़ और धमकी देने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







































