सिटी बिग न्यूज | हिसार
बुधवार को नगर निगम हिसार का बजट पेश किया जाएगा। निगम अधिकारी नगर निगम सभागार में आयोजित होने वाली बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए 365 करोड़ रुपए का बजट सदन में रखेंगे। यह बजट मेयर प्रवीण पोपली की अध्यक्षता में पेश किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार भी बजट घाटे में रहने की संभावना जताई जा रही है।
नगर निगम को वित्तीय वर्ष 2024 में कुल 248 करोड़ रुपए की आमदनी हुई थी, जबकि प्रस्तावित बजट इससे करीब 117 करोड़ रुपए ज्यादा है। यह दर्शाता है कि निगम की आर्थिक स्थिति असंतुलित है—कमाई 1 रुपए की है, जबकि खर्चा 2 रुपए से भी अधिक का।
पिछले साल की तुलना में इस बार का बजट 57 करोड़ रुपए ज्यादा रखा गया है। हाउस की मंजूरी के बाद यह बजट शहरी स्थानीय निकाय विभाग, हरियाणा के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा जाएगा।
साल 2024-25 में नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स से 21.49 करोड़ और फायर व एम-टैक्स से मिलाकर कुल 32.48 करोड़ रुपए की आय अर्जित की थी, जबकि कुल लक्ष्य 42.50 करोड़ रुपए का था। यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सका। अब नए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 46.50 करोड़ रुपए टैक्स आय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह बैठक नगर निगम और शहर के विकास के लिए अहम मानी जा रही है।







































