सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिसार जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 15 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पहली कार्रवाई नशा निरोधक पुलिस टीम ने उप निरीक्षक इंदर सिंह के नेतृत्व में की। टीम गश्त पर थी, जब उन्हें जिंदल पुल की तरफ से आता एक ट्रक संदिग्ध लगा। भानु चौक के पास ट्रक को रोका गया। ड्राइवर की पहचान पंजाब के फिरोजपुर जिले के लोधरा गांव निवासी सतनाम सिंह के रूप में हुई। पुलिस उप अधीक्षक संजीव कुमार की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें सीट के नीचे प्लास्टिक के कट्टे में छिपाकर रखा गया 9 किलो 608 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त हुआ है। ट्रक को कब्जे में लेकर सतनाम सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया और उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
दूसरे मामले में एंटी-बुहावनल विक्रय टीम (एबीवीटी) ने गांजा तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को पकड़ा है। भट्टू कलां निवासी राजू ने 35 हजार रुपए में गांजा खरीदकर फरीदपुर के विक्रम को 50 हजार रुपए में बेचा था। पुलिस ने 7 अप्रैल को विक्रम को 5 किलो 400 ग्राम गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामले की जांच के बाद मुख्य आरोपी राजू को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है ताकि इस तस्करी से जुड़े और लोगों की पहचान की जा सके।







































