सिटी बिग न्यूज | हिसार
जिले के गांव बिठमड़ा में मंगलवार दोपहर बाद एक हाई टेंशन लाइन की चिंगारी से भयंकर आग लग गई। यह आग संजय नामक किसान के खेत में लगी, जहां गेहूं की फसल पूरी तरह से पक चुकी थी और कटाई के लिए तैयार थी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में खेत का एक बड़ा हिस्सा चपेट में आ गया, जिससे भारी नुकसान हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेत के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन में अचानक चिंगारी उठी, जो नीचे गेहूं के खेत में गिर गई। आसपास काम कर रहे किसानों ने तुरंत आग को बढ़ते देखा और उसे बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। साथ ही, आग की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड उकलाना को दी गई। कुछ ही देर में गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने काफी हद तक आग को फैलने से रोक लिया, जिससे और बड़ा नुकसान होने से टल गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि थोड़ी भी देर हो जाती, तो आसपास के कई खेत भी इस आग की चपेट में आ सकते थे।
पीड़ित किसान संजय ने सरकार से मांग की है कि इस आगजनी में जली फसल का उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उसकी मेहनत का कुछ तो प्रतिफल मिल सके।







































