सिटी बिग न्यूज | हिसार
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई ने केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव को पत्र लिखकर नियमों का उल्लंघन कर हरे-पेड़ों को काटने वाली सोलर कंपनियों पर कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।
केन्द्रीय मंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि देश में ऊर्जा के विकल्प के रूप में पिछले कुछ वर्षों से सोलर प्लांट लगाने का चलन काफी तेजी से बढ़ा है। सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए केन्द्र एवं प्रदेश सरकारें भी लोगों को प्रोत्साहित कर रही हैं।
केन्द्र सरकार तो ऊर्जा के स्वच्छ एवं सस्ते विकल्प के रूप में सोलर एनर्जी को बढ़ावा दे रही है, जो कि बहुत ही अच्छा प्रयास है, परंतु राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में कई निजी सोलर कपंनियां अंधाधुंध हरे-भरे वृक्षों की कटाई कर रही है।
निजी स्वार्थ के चलते निजी कई कपंनियां नियमों के विरूद्ध जाकर खेजड़ी सहित कई बहुपयोगी वृक्षों की अंधाधुंध कटाई कर रही हैं, जिससे आने वाले समय में पर्यावरण पर खतरा मंडराना स्वाभाविक है। वृक्षों की कटाई से पर्यावरण को नुकसान तो हो ही रहा है, साथ ही स्थानीय पक्षियों और वन्यजीवों का आवास भी खत्म हो रहा है।
पेड़ों की कटाई से जैव विविधता भी खतरे में आ रही है। जीव रक्षा संस्थान और बड़ी संख्या में पर्यावरण पे्रमी सोलर कंपनियों द्वारा मनमाने ढंग से की जा रही पेड़ों की कटाई के खिला$फ लगातार आंदोलनरत हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने एक सोलर कंपनी को काटे गए पेड़ों की संख्या से 10 गुणा ज्य़ादा पेड़ लगाने का निर्देश दिया है।
राजस्थान काश्तकारी अधिनियम 1955 के मुताबिक पेड़ों की अवैध कटाई पर जुर्माना लगाने का भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि समस्त पर्यावरण एवं जीव पे्रमियों की मांगों को देखते हुए मेरा आपसे अनुरोध है कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सोलर कंपनियों को सोलर लगाने की अनुमति दी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाली सोलर कंपनियों पर कड़ी कार्यवाही की जाए।








































