सिटी बिग न्यूज | हिसार
हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मणिकर्ण में हुए दर्दनाक हादसे में हिसार के 3 छात्रों की मौत हो गई। ये छात्र सेक्टर 14 स्थित हरियाणा स्कूल ऑफ डिजिटल मार्केटिंग (HSDM) के थे। रविवार शाम गुरुद्वारे के पास लैंडस्लाइड के कारण एक भारी पेड़ गिरने से यह हादसा हुआ। हादसे में हिसार की प्राची घायल हुई है, जिसे कुल्लू जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मृतकों की पहचान तारा नगर निवासी मनीष, हांसी निवासी गुलशन और मूल रूप से बरेली की रहने वाली, मगर हिसार के ओम विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली दिनता के रूप में हुई है। गुलशन के परिवार में 14 अप्रैल को शादी है, लेकिन माता-पिता से यह दुखद समाचार अभी छुपाया गया है।
यह सभी 17 छात्रों के दल के साथ हिमाचल घूमने गए थे, लेकिन 4 छात्र सड़क किनारे मैगी खाने रुके थे। तभी अचानक आए तेज तूफान के कारण पहाड़ी से एक भारी भरकम पेड़ गिर गया, जिससे मौके पर ही तीन छात्रों की मौत हो गई।







































