सिटी बिग न्यूज | हिसार
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हरियाणा के हिसार पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व मंत्री ओपी जिंदल की पुण्यतिथि के अवसर पर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही उन्होंने 30 बेड के ICU यूनिट का लोकार्पण और PG हॉस्टल का शिलान्यास किया।
इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, PWD मंत्री रणबीर गंगवा, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, सांसद नवीन जिंदल, हिसार की विधायक सावित्री जिंदल और हांसी के विधायक विनोद भयाना भी मौजूद रहे।
इस दौरान सांसद नवीन जिंदल ने अमित शाह के सामने हिसार में कैंसर हॉस्पिटल की मंजूरी की मांग भी रखी। जिंदल परिवार का यह ड्रीम प्रोजेक्ट तीन साल से सरकार की मंजूरी का इंतजार कर रहा है। 6 मार्च 2022 को इसकी आधारशिला रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिली है। कैंसर अस्पताल की अनुमानित लागत 120 करोड़ रुपए है, जिसमें से 60 करोड़ रुपए अजंता फार्म के मालिक मधुसूदन अग्रवाल देने को तैयार हैं, लेकिन हरियाणा सरकार से मंजूरी लंबित है।
पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स ने कहा कि मेडिकल कॉलेज से हरियाणा, राजस्थान और पंजाब के लोगों को लाभ मिलेगा और इसे एम्स की तर्ज पर आगे बढ़ाने की जरूरत है।




































