सिटी बिग न्यूज | हिसार
गांव किरतान के सरकारी स्कूल में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा का अनादर हो रहा है। किरतान निवासी सुंदर सिंह किरतान ने बताया कि गांव किरतान के सरकारी विद्यालय का लोहे का गेट चोरी हो गया था जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने मुख्य गेट पर दीवार खिंचवा दी।
गेट के ठीक ऊपर नेताजी की प्रतिमा लगी हुई है। रोजाना गेट से गांव के बच्चे काफी संख्या में स्कूल आते-जाते थे और नेताजी की प्रतिमा से प्रेरणा लेते थे लेकिन पिछले लंबे अरसे से गेट के स्थान पर दीवार खिंचवा दी गई है जो कि गलत है और नेताजी की प्रतिमा का अनादर भी है।
बच्चे अन्य गेट से स्कूल में आ-जा रहे है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि स्कूल का गेट जल्द से जल्द लगवाया जाए ताकि मुख्य गेट से बच्चों का आवागमन हो सके और नेताजी सुभाष चन्द्र की प्रतिमा का मान-सम्मान भी बढ़े।







































