सिटी बिग न्यूज | महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के भंडारा में शुक्रवार सुबह सेना की हथियार फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घटना सुबह करीब 10:30 बजे जवाहरनगर इलाके में स्थित फैक्ट्री के LTP सेक्शन में हुई।
धमाके की वजह से इमारत की छत गिर गई, जिसमें 12 लोग दब गए। अब तक 2 लोगों को बचा लिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, 13-14 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
घटना के समय सेक्शन में 14 कर्मचारी काम कर रहे थे। विस्फोट RKR ब्रांच में हुआ, जहां RDX बनाया जाता है। धमाके की आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, और इमारत पूरी तरह से नष्ट हो गई।
रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि राहत और बचाव के प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना पर चिंता व्यक्त की।
भंडारा की इस फैक्ट्री में सेना के लिए विस्फोटक और छोटे हथियारों के लिए स्पेरिकल पाउडर जैसे उत्पाद बनाए जाते हैं। हादसे के कारणों की जांच जारी है।







































