- युवाओं से आह्वान पांच फरवरी तक करें ऑनलाइन आवेदन
- 18 वर्ष से 50 वर्ष तक की आयु के व्यक्ति ले सकते हैं ड्रोन ट्रेनिंग
सिटी बिग न्यूज | तोशाम
एसडीएम डॉ अशवीर सिंह नैन ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में सरकार ने बेरोजगार युवकों के लिए एक अनूठी पहल ड्रोन ट्रेनिंग का शुभारंभ किया गया है। जोकि निशुल्क है। इसकी ट्रेनिंग के लिए बेरोजगार युवक आवेदन करें। एसडीएम डॉ नैन ने कहा कि करनाल में सात दिन तक नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि पांच फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन करें। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से 50 वर्ष तक की आयु तक कोई भी व्यक्ति ड्रोन ट्रेनिंग ले सकतें हैं।
एसडीएम ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने ड्रोन का प्रशिक्षण लेने के इच्छुक युवाओं से पांच फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
बता दें कि कृषि कार्य में फसलों पर कीटनाशकों का स्प्रे ड्रोन के द्वारा किया जाता है। इस तकनीक से किसान के समय की बचत तो होती ही है, फसलों पर दवाईयों का छिड़काव भी अच्छी तरह से होता है।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के खंड कृषि अधिकारी डॉ बिनेश गोयत ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से 50 वर्ष तक की आयु तक कोई भी व्यक्ति जो कृषि कार्यों से जुङा हो वह भी ड्रोन ट्रेनिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं।
ये आवेदन कृषि विभाग की वेबसाइट एग्रीहरियाणा.जीओवी.इन पर ऑनलाइन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण सात दिन तक करनाल में दृश्य एजेंसी की ओर से दिया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षु से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
आवेदक के पास परिवार पहचान-पत्र, कम से कम मैट्रिक का शैक्षणिक प्रमाण-पत्र व मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण होना चाहिए। इसके अलावा आवेदक किसी एफपीओ या सहकारी समिति का सदस्य होना चाहिए।
एक संगठन से एक ही सदस्य ड्रोन प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकता है। आवेदकों की मेरिट लिस्ट तैयार कर उनके नाम तय किए जाएंगे। इस बारे में किसान सहायक कृषि अभियंता या कृषि विभाग के उप निदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग ने प्रदेश में 500 युवाओं को ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।







































