सिटी बिग न्यूज | हिसार/सिरसा
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर प्रदेशभर में ट्रैक्टर मार्च का ऐलान किया है। हर जिले में किसानों से अपने ट्रैक्टर पांच अलग-अलग जगहों पर खड़े करने का आह्वान किया गया है।
कहां होंगे प्रदर्शन?
भारतीय किसान एकता के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने बताया कि किसान साइलो, टोल प्लाजा, बड़े मॉल, एमएलए-एमपी और भाजपा जिला कार्यालयों के बाहर, साथ ही नेशनल और स्टेट हाईवे पर ट्रैक्टर खड़े करेंगे। यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक होगा।
सिरसा जिले में प्रदर्शन के स्थान
सिरसा जिले में भावदीन टोल प्लाजा, खुइयां टोल प्लाजा, और ओढ़ां से पन्नीवाला, साहुवाला, खारिया, सादेवाला, बणी, दमदमा, पोहड़का, चौपटा, रोड़ी और फग्गू में ट्रैक्टर खड़े कर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।
किसान नेताओं का आरोप
औलख ने कहा कि किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल आमरण अनशन पर हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनवाई नहीं कर रही। साथ ही दिवंगत किसान शुभकरण के परिवार को भी अब तक न्याय नहीं मिला है।







































