हिसार में शुक्रवार को एक शादी चर्चा का बड़ा विषय बन गई, जब नलवा से भाजपा विधायक रणधीर पनिहार के भतीजे ने अपनी नवविवाहित पत्नी को हेलिकॉप्टर में विदा कराया। गांव पनिहार में बहू की मुंह दिखाई के लिए विशेष हेलिकॉप्टर लैंडिंग की गई, जिसे देखने पूरे इलाके में उत्सुकता फैल गई और लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए।
हेलिकॉप्टर से पहुंची शाही विदाई
दूल्हा डॉ. राजन चाहर, जो मूल रूप से राजस्थान के चूरू जिले के सिद्धमुख गांव के रहने वाले हैं और उदयपुर में रेडियोलॉजिस्ट के रूप में प्रैक्टिस करते हैं, अपनी पत्नी डॉ. तनिष्का कुलड़िया के साथ हेलिकॉप्टर से विधायक के गांव आए। इस खास मौके पर परिवार, गांव वालों और बच्चों में भारी उत्साह देखने को मिला।
डॉ. तनिष्का हिसार के सेक्टर 16-17 की रहने वाली हैं और जयपुर में गायनी में एमडी कर रही हैं। उनके पिता प्रदीप कुलड़िया क्रेशर व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। शादी के बाद बहू की पहली मुंह दिखाई पर विधायक के फॉर्म हाउस में बने अस्थायी हेलीपैड पर हेलिकॉप्टर को उतारा गया।


गांव में उमड़ी भीड़, आशीर्वाद और केक सेरेमनी
हेलिकॉप्टर की लैंडिंग होते ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाकर नवविवाहित जोड़े का स्वागत किया।
विधायक रणधीर पनिहार ने स्वयं फॉर्म हाउस पर पहुंचकर जोड़े को आशीर्वाद दिया और सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं।
फॉर्म हाउस पर केक कटिंग सेरेमनी भी आयोजित की गई, जिसमें परिवार के सदस्यों ने खुशी जाहिर की। करीब 20 मिनट रुकने के बाद दूल्हा-दुल्हन दोबारा हेलिकॉप्टर में बैठकर चूरू स्थित अपने पैतृक गांव की ओर रवाना हो गए।

डॉक्टर तनिष्का विधायक जी से आशीर्वाद लेती हुई।
केक सेरेमनी में दुलहा और दुल्हन।
हेलिकॉप्टर यात्रा की जानकारी
डॉ. राजन ने बताया कि गांव सिद्धमुख की दूरी हिसार से करीब 70 किलोमीटर है, जिसे हेलिकॉप्टर ने आधे घंटे में पूरा किया।
हेलिकॉप्टर की बुकिंग घंटे के हिसाब से होती है और पनिहार में लैंडिंग के लिए किसी अतिरिक्त शुल्क की जरूरत नहीं पड़ी। उनके साथ यात्रा में उनकी मां मोहिनी देवी, भाई डॉ. कमल चौधरी, पिता नवीन चौधरी और पत्नी डॉ. तनिष्का शामिल थे।
विधायक पनिहार की राजनीतिक पृष्ठभूमि
रणधीर पनिहार 2019 में नलवा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन भाजपा के रणबीर गंगवा से हार गए थे। बाद में कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में शामिल होने के साथ ही पनिहार भी बीजेपी में आए और 2024 में पार्टी टिकट पर जीत हासिल की।
गांव पनिहार में हुई यह अनोखी ‘मुंह दिखाई’ अब इलाके में खूब चर्चा का विषय बनी हुई है।





































