भोपाल में आयोजित 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग प्रतियोगिता में उकलाना क्षेत्र की होनहार छात्रा कुमकुम रानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। डीसीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बिठमड़ा की इस छात्रा ने प्रतियोगिता में अपनी फुर्ती, तकनीक और उत्कृष्ट संतुलन के दम पर सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ दिया। देशभर से आए युवा खिलाड़ियों के बीच कुमकुम का प्रदर्शन दिनभर चर्चा में रहा |
स्वर्ण पदक की खबर मिलते ही स्कूल में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। कुमकुम के कोच राजेश ने बताया कि वह लंबे समय से अनुशासित तरीके से अभ्यास कर रही थीं। सुबह-शाम नियमित मेहनत, फोकस और खेल के प्रति उनकी लगन ने उन्हें इस स्तर तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि कुमकुम की यह कामयाबी न सिर्फ उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे उकलाना क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है।

भोपाल में रोइंग प्रतियोगिता के वक्त उकलाना की कुमकुम।
प्रतियोगिता के दौरान कुमकुम की रोइंग स्ट्रोक्स और संतुलन देखने लायक थे। कई कोचों ने भी उनके खेल को सराहते हुए उज्ज्वल भविष्य की भविष्यवाणी की।
स्कूल के चेयरमैन संजय डीसीएम और प्रिंसिपल सुनिल शर्मा ने कुमकुम को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और जज़्बा भविष्य की पीढ़ी को प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय हमेशा छात्रों को खेल और शिक्षा दोनों में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करता रहा है, और कुमकुम की सफलता इस प्रयास का परिणाम है।
कुमकुम की जीत से परिवार, मित्रों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ में उत्साह है। सभी ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताते हुए आगे भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता की कामना की।