हांसी। साइबर ठगी पर नकेल कसते हुए हांसी साइबर क्राइम पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवकों पर लाखों रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों से कुल 65 हजार रुपए भी बरामद किए हैं।
ऑनलाइन चीनी बेचने के नाम पर ठगी
पहले मामले में गांव उमरा निवासी रोहित मालिक ने ऑनलाइन चीनी बेचने का विज्ञापन देखकर संपर्क किया था। जांच में सामने आया कि यूपी फिरोजाबाद निवासी दीपक, कृष्ण और मैनपुरी निवासी परवीन ने मिलकर रोहित से 3,86,000 रुपए हड़प लिए। शिकायत मिलते ही एसआई सज्जन कुमार की टीम ने तकनीकी इनपुट की मदद से तीनों को धर-दबोचा। पुलिस ने इनसे 50 हजार रुपए की नकदी भी जब्त की है।
अदालत में पेशी के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


तीसरा आरोपी आरोपी हरप्रीत
क्रिप्टो में निवेश के नाम पर रकम उड़ाई
दूसरे मामले में साइबर ठगों ने गांव गढ़ी निवासी प्रिया को निशाना बनाया। आरोपी हरप्रीत, जो यूपी के सुल्तानपुर का रहने वाला है, ने प्रिया को व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करने के बाद ऑनलाइन टास्क और क्रिप्टो निवेश के नाम पर उससे 2,83,412 रुपए की ठगी कर ली गई।
एसआई प्रेम कुमार ने बताया कि हरप्रीत को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही पकड़ा जा चुका है। आरोपी से 15 हजार रुपए बरामद हुए हैं।
दोनों मामलों में पुलिस आगे की जांच कर रही है और साइबर अपराधियों के नेटवर्क के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है।







































