हरियाणा के रोहतक में एएसआई संदीप लाठर सुसाइड केस को लेकर रविवार (2 नवंबर) को होने वाली प्रस्तावित खापों की महापंचायत फिलहाल टल गई है। यह बैठक जींद जिले के जुलाना कस्बे में लाठर के पैतृक गांव में रखी जानी थी।
लाठर के ममेरे भाई संजय देशवाल ने बताया कि यह पंचायत लाठर खाप प्रधान बसाऊ लाठर की अध्यक्षता में होनी थी, लेकिन रविवार को उनके घर में भात कार्यक्रम होने की वजह से उन्होंने इसे कुछ दिन आगे बढ़ाने का सुझाव दिया। संजय के अनुसार, पंचायत इसी हफ्ते के भीतर किसी और दिन बुलाई जा सकती है, जिसकी तारीख पर खाप प्रतिनिधियों के बीच बातचीत जारी है।
इस पंचायत का मकसद संदीप लाठर सुसाइड केस में अब तक हुई जांच की समीक्षा करना और आगे की रणनीति पर चर्चा करना था। बताया जा रहा है कि बैठक में एक निगरानी कमेटी गठित करने का भी प्रस्ताव है, जो इस केस की जांच और सरकार-प्रशासन पर बने दबाव पर नज़र रखेगी। ऐसा ही मॉडल पहले आईपीएस वाई. पूरन कुमार सुसाइड केस में देखा गया था, जहां 31 सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी जो आज भी सक्रिय है।
लाठर परिवार शुरू से ही जांच से असंतुष्ट रहा है। हालांकि शुक्रवार को परिजनों ने रोहतक एसपी सुरेंद्र भोरिया से मुलाकात की थी। एसपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि एफआईआर में नामजद आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार से पूछताछ के लिए सरकार से अनुमति मांगी जा रही है। इस आश्वासन के बाद परिवार कुछ हद तक संतुष्ट नजर आया। 
परिवार अब मामले की गहराई से जांच के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलने की तैयारी कर रहा है। संजय देशवाल ने बताया कि जल्द ही मुलाकात का समय तय किया जाएगा। बताया जाता है कि 16 अक्टूबर को रोहतक पीजीआई में खट्टर ने लाठर परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने उस समय बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने, पत्नी को सरकारी नौकरी देने और सभी नियमानुसार लाभ दिलाने का वादा किया था।
इस बीच, केस की जांच कर रही एसआईटी ने संदीप लाठर के मोबाइल की कॉल डिटेल्स निकलवाई हैं ताकि यह पता चल सके कि सुसाइड से पहले वह किनसे बात कर रहे थे और किस बात को लेकर तनाव में थे। हालांकि जांच अधिकारी फिलहाल इस मामले में कोई जानकारी साझा करने से बच रहे हैं।
पूरे घटनाक्रम का सिलसिला भी अहम है —
6 अक्टूबर को आईपीएस वाई पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार की गिरफ्तारी हुई थी, जिसमें एएसआई संदीप लाठर भी शामिल थे।
7 अक्टूबर को आईपीएस पूरन कुमार ने चंडीगढ़ में सुसाइड कर लिया और 8 पेज का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम लिखे गए थे।
11 अक्टूबर को एसआईटी ने रोहतक में जांच की, जिसमें लाठर से भी पूछताछ हुई।
14 अक्टूबर को एएसआई संदीप लाठर ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया।
15 अक्टूबर को परिवार के दबाव के बाद आईएएस अमनीत पी. कुमार समेत चार लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई।




































